आज लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की पार्टियाँ मंडल और पिछड़ा विरोधी कांग्रेस की पालकी ढो रही हैं

  • कांग्रेस-शासित राज्यों में क्यों नहीं कराया गया  जातीय सर्वे ? 
  • कर्नाटक की सर्वे रिपोर्ट जारी करने के लिए राहुल से बात करें लालू 
  • क्या नीतीश कुमार बंगाल में सर्वे के लिए दीदी को राजी करा पाएँगे?
  • मंडल विरोधी कांग्रेस की पालकी ढो रहे राजद-जदयू 

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 07 अक्टूबर 2023 : पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जो लोग पूरे देश में जातीय सर्वे कराने की बात कर रहे हैं, वे बतायें कि कांग्रेस, टीएमसी, झामुमो के शासन वाले राज्यों में जातीय सर्वे अब तक क्यों नहीं हुआ? क्या नीतीश कुमार जातीय सर्वे कराने के लिए ममता बनर्जी को राजी कर पाएँगे? 

   उन्होंने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव करीब देख कर जो कांग्रेस जातीय सर्वे कराने का वादा कर रही है, उसे बताना चाहिए कि यह काम पिछले चार साल में क्यों नहीं कराया गया? 

 सुशील मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सिद्धरमैया सरकार ने 2015 में 200 करोड़ रुपये खर्च कर जो जातीय सर्वे कराया था, उसकी रिपोर्ट जारी क्यों नहीं की गई? 

  उन्होंने कहा कि कर्नाटक के जातीय सर्वे की रिपोर्ट जारी कराने के लिए लालू प्रसाद को राहुल गांधी से बात करनी चाहिए। 

 सुशील मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक साल से कांग्रेस सरकार है। वहाँ जातीय सर्वे कराने की घोषणा क्यों नहीं हुई? क्या कांग्रेस को चुनाव करीब आने पर ही जातीय सर्वे  की याद आती है? 

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने मंडल आयोग का विरोध किया था। विडम्बना यह कि आज लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की पार्टियाँ मंडल और पिछड़ा विरोधी कांग्रेस की पालकी ढो रही हैं। 

सुशील मोदी ने कहा पिछड़े वर्ग के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने मात्र 9 साल में जो काम किये, वे काम केंद्र और राज्यों में 50 साल राज करने वाली कांग्रेस नहीं कर पायी। 

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network