आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 30 दिसम्बर 2022 : अहमदाबाद :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 100 वर्ष की थीं। यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर के एक बुलेटिन में कहा गया कि उन्हें बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती कराया गया था। मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि हीराबेन मोदी का निधन 30 दिसंबर की सुबह 3.30 बजे यूएन मेहता हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हुआ। पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, 100 साल की एक महान यात्रा उनकी मां के निधन के साथ समाप्त हो गई है। मोदी मां का अंतिम संस्कार करने अहमदाबाद पहुंच गए थे इस दौरान जब मोदी ने मां को अंतिम विदाई देने उनके चरणों में अपना सर रखा, तो भावुक हो उठे।

हीराबेन, जिसे हीराबा भी कहा जाता है, मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के पास रायसन गांव में रहती थीं। प्रधान मंत्री नियमित रूप से रायसन का दौरा करते थे और अपनी गुजरात यात्रा के दौरान अपनी मां के साथ समय बिताते थे। पारिवारिक सूत्रों ने कहा  कि वे इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाओं के लिए सभी को धन्यवाद देते हैं। सभी से उनका विनम्र अनुरोध है कि दिवंगत आत्मा को अपने विचारों में रखें और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और प्रतिबद्धताओं को जारी रखें। हीराबा को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि मोदी की मां हीराबा का सौ वर्षों का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। मोदी ने मातृदेवोभव की भावना  और हीराब के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला। मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया- ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान दें एवं मोदीजी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network