आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 16 जनवरी 2022 : लखनऊ : उत्तर प्रदेश में चुनावी घोषणा के बाद अब दल – बदल प्रक्रिया की शुरूआत हो गयी हैं। कई भाजपा नेता फिलहाल पार्टी का दामन छोड़ सपा में शामिल हो चुके हैं। इसी बीच अब भाजपा ने एक बड़ा बदला लेने की तैयारी की हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। अपर्णा की बीजेपी से बातचीत फ़ाइनल हो चुकी है।
भाजपा में होंगी शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में रविवार को भाजपा में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इसी दौरान अपर्णा भी भाजपा में शामिल होंगी। समाजवादी पार्टी की छोटी बहू अपर्णा यादव हमेशा से ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी की तारीफ करती आई हैं। यही नहीं उन्होंने राम मंदिर के लिए 11 लाख 11 हजार का चंदा भी दिया था।
गौरतलब हो कि अपर्णा यादव ने 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ की कैंट सीट से लड़ा था. कैंट विधानसभा क्षेत्र से 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में अपर्णा यादव दूसरे नंबर पर थी। वह भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार गई थी। हालांकि, अपर्णा को करीब 63 हजार वोट मिले थे. अपर्णा यादव मुलायम सिंह की दूसरी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। अपर्णा यादव हमेशा से ही योगी सरकार के कार्यों की सराहना करती रही हैं। पिछले दिनों एक कार्यक्रम के दौरान अपर्णा ने योगी सरकार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा था कि योगीजी बहुत मेहनती हैं, साधारण हैं, वह धर्म के साथ चलने वाले व्यक्ति हैं, मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं।