आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 18 मई 2023 : नई दिल्ली। कानून मंत्री के पद से हटाए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ और अन्य सभी न्यायाधीशों के साथ-साथ उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों एवं न्यायाधीशों, निचली न्यायपालिका और सभी लॉ ऑफिसर्स को धन्यवाद दिया है। मंत्रालय बदले जाने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री के रूप में सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और सम्मान की बात रही।”

उन्होंने जजों को धन्यवाद कहते हुए आगे कहा, मैं भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, सर्वोच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीशों, उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और न्यायाधीशों, निचली न्यायपालिका और सभी लॉ ऑफिसर्स को न्याय को सुनिश्चित करने और हमारे नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएं प्रदान करने में भारी समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। रिजिजू ने अपने पुराने जोश के साथ ही नए मंत्रालय में भी काम करने की बात कहते हुए आगे कहा कि वह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को उसी जोश के साथ पूरा करने के लिए तत्पर हैं, जिसे उन्होंने भाजपा के एक विनम्र कार्यकर्ता के रूप में आत्मसात किया है।

आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव करते हुए किरेन रिजिजू को कानून मंत्री के पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि न्यायपालिका से लगातार टकराव की मुद्रा में रहने के कारण किरेन रिजिजू से कानून मंत्रालय छीना गया है। चुनावी वर्ष में सरकार न्यायपालिका से टकराव नहीं चाहती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी कैबिनेट में इस बदलाव को मंजूरी दे दी है। रिजिजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल कानून एवं न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें उनके मौजूदा मंत्रालय के साथ-साथ कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network