आजाद ने जी-23 समूह के विचारों को सोनिया गांधी के सामने विस्तार से रखा
आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 18 मार्च 2022 : नई दिल्ली : कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद शुक्रवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने 10 जनपथ पहुंचे। माना जा रहा है कि इस बैठक में आजाद ने जी-23 समूह के विचारों को सोनिया गांधी के सामने विस्तार से रखा है। सोनिया से मुलाकात से पहले आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह के आवास पर पहुंचे और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता आजाद ने कहा कि कार्यसमिति से पांच राज्यों में हार के कारणों पर सुझाव मांगे गए थे। कई नेताओं के बीच अपनी बात रखना आसान नहीं होता, इसलिए मिलकर उनसे विस्तार से बात हुई। आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों को हराने के लिए एकजुट होकर लड़ने पर चर्चा हुई।