
R D News Network : 20 October 2025 : Ayodhya : दीपोत्सव 2025 की भव्य समाप्ति और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह संकट मोचन हनुमानगढ़ी का दर्शन किया। यहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और श्रीराम भक्त हनुमान से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत प्रेमदास से भी मुलाकात की। उनके आगमन पर मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। संतों और पुजारियों ने पारंपरिक विधि से उनका स्वागत किया। हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे, जहाँ उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। दर्शन के उपरांत जनता ने जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनके सुखी, समृद्ध जीवन की कामना की।
दीपोत्सव 2025 में नए कीर्तिमान
रामनगरी अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव 2025 में 26,17,215 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके अलावा, सरयू मैया की आरती में 2128 वेदाचार्यों, अर्चकों व साधकों ने सामूहिक पूजा-अर्चना की। दीपोत्सव का यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ऐतिहासिक क्षण को देखकर खुशी और संतोष जताया।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर अयोध्या के घर-घर, मठ-मंदिर, आश्रम और घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। 32,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने इस भव्य आयोजन में महती भूमिका निभाई। देश-विदेश से आए आगंतुक अयोध्या के दिव्य, स्वच्छ और भव्य दर्शन कर भाव-विह्वल हो उठे।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ रामकथा पार्क अयोध्या में श्रीराम परिवार व ऋषि-मुनियों की आरती उतारी, पूजन किया और प्रतीकात्मक राम राज्याभिषेक में भाग लिया।


