महिला हेल्प डेस्क का एसपी ने किया शुभारंभ

रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : सासाराम। जिले के बारह थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरूआत की जा रही है। जिसके माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों की समस्याओं को आसानी से तत्काल सुलझाया जा सके। महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित प्रकरणों को अब महिला हेल्प डेस्क पर सुनकर उनका निराकरण किया जाएगा। उक्त बातें पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने शुक्रवार को नगर थाना परिसर में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ करते हुए कही। एसपी ने बताया कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में रोहतास पुलिस द्वारा यह ठोस कदम उठाया जा रहा है तथा उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाओं को शिक्षित और सशक्त होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। अक्सर देखा जाता है कि महिलाएं अपनी समस्याओं को लेकर थानों में शिकायत करने से परहेज करती है जिसको देखते हुए हेल्प डेस्क की शुरुआत की जा रही है। जिसका प्रभार थाने के वरीय महिला पुलिस पदाधिकारी को दिया जाएगा तथा उनकी अनुपस्थिति में थाने की दूसरी महिला पुलिसकर्मी प्रभार संभालेंगी। हेल्प डेस्क पर महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित मामला का तत्काल निराकरण करने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा जिससे उनके विरुद्ध हो रहे अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके। उल्लेखनीय है कि महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत होने से महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हो रहे अपराधों की शिकायतों में काफी इजाफा देखने को मिलेगा तथा इसके माध्यम से भविष्य में इनके विरुद्ध हो रहे अपराधों में काफी कमी आएगी। साथ हीं समस्याओं के निराकरण में भी पुलिस को काफी सहायता मिलेगी। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार राउत, नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह सहित काफी संख्या में महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network