सासाराम (रोहतास)।आज देश तरक्की की पटरी पर तेजी से दौड़ रही है। गरीबों के विकास को सरकार ने प्राथमिकता के साथ लिया है। 2022 तक देश के हर लोगों का मकान पक्के का होगा। सरकार ने जो वादे किए हैं , उसे वह तत्परता के साथ पूरा कर रही है। स्थानीय केके इंटर स्तरीय विद्यालय संझौली के खेल मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक राजेश्वर राज के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह बातें कहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को विकास की भागीरथ तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकास पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि बहुत पहले विवेकानंद जी ने भविष्यवाणी की थी की एक दिन भारत विश्व गुरु बनेगा। विवेकानंद का बचपन का नाम नरेंद्र था। सौभाग्य देखिए , हमारे देश के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र ही है। आज उस महापुरुष की भविष्यवाणी सार्थक साबित हो रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने माले को देश की विचारधारा से विमुख बताया। कहा कि जो भारतीय संस्कृति है , उसे से कम्युनिस्टों की विचारधारा मेल नहीं खाती। हम महात्मा गांधी , सुभाष चंद्र बोस , सरदार बल्लभ भाई पटेल की पूजा करते हैं। कम्युनिस्ट इनके विचारधारा को नहीं मानते।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने शिक्षा पर भी जोर दिया। कहा कि शिक्षा से ही देश की तरक्की संभव है और आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हर लोगों तक सहज शिक्षा पहुंचाई जा रही है। आज गरीबों के बच्चे भी डिजिटल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। देश की सुरक्षा हमारे जवान कर रहे हैं , पर आंतरिक व्यवस्था की सुरक्षा हम समाज के लोग ही कर सकते हैं। इसके लिए स्वच्छ छवि वाली नेतृत्व की जरूरत है। माले खतरों की घंटी है व लाल झंडे वाले कभी देश व आंतरिक सुरक्षा नहीं कर सकते। आपने सुना ही होगा देश की जवानों ने हाल ही में चीन को करारा जवाब दिया था। बिहार सरकार के मंत्री सम्राट चौधरी ने धारा 370 को हटाने और राम मंदिर निर्माण पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि आज यहां के लोग भी कश्मीर में अपनी जमीन खरीद सकते है। वर्षो से टेंट में बैठे रामलला को पांच अगस्त 2020 को उचित स्थान मिला। बिहार सरकार कर्पूरी ठाकुर के कार्यों को आत्मसात कर कार्य कर रही है। सबसे पहले उन्होंने ही आरक्षण की व्यवस्था की व गरीबों के लिए सबसे अधिक काम किया। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी साढे छह लाख लोगों को नौकरी दिया। केंद्र सरकार ने 24 करोड लोगों को मुद्रा लोन प्रदान किया। आज बिहार की और तरक्की विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा ही संभव है। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर राज को जिताने की अपील की। जनसभा कोविधान पार्षद सम्राट चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी , प्रमोद पटेल , नवीनचंद्र साह , संजय सिंह आदि ने संबोधित किया ।