
R D News Network : 20 October 2025 : Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनावी शेड्यूल घोषित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री 24 अक्टूबर से बिहार में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।
चुनावी अभियान की शुरुआत समस्तीपुर से होगी, जहां प्रधानमंत्री मोदी कर्पूरी ग्राम पहुंचेंगे और समाजवादी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यही कार्यक्रम उनके बिहार दौरे और रैलियों की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है। कर्पूरी ठाकुर बिहार की राजनीति में सामाजिक न्याय और जनता की सेवा का प्रतीक रहे हैं।
कर्पूरी ग्राम से शुरुआत करके पीएम मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संदेश के साथ बिहार में एनडीए की ताकत को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, 24 अक्टूबर को पीएम मोदी समस्तीपुर और बेगूसराय में दो बड़ी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में रैलियां होंगी। वहीं 2, 3, 6 और 7 नवंबर को भी वह बिहार के अलग-अलग जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पीएम मोदी की रैलियों से एनडीए के चुनावी अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समस्तीपुर से शुरुआत करना रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह क्षेत्र न केवल समाजवादी राजनीति का केंद्र रहा है, बल्कि उत्तर बिहार की राजनीति में इसका विशेष प्रभाव भी है।
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी, जिसके साथ ही चुनाव परिणाम घोषित होंगे।


