By Rohtas Darshan Digital Desk | Updated: October 23, 2025 | Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन ने बड़ा ऐलान किया है। आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव को एक बार फिर महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया है।

यह घोषणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। उन्होंने कहा—

“हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। अगर हमारी सरकार बनेगी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। इसके अलावा एक और उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा जो पिछड़े वर्ग से होगा।”

गहलोत ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा—

“अब बीजेपी और एनडीए को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है। केवल इतना कहना कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, काफी नहीं है।”

भाजपा पर अशोक गहलोत का हमला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि अमित शाह समेत भाजपा के तमाम नेता बिहार आते हैं, लेकिन यह नहीं बता पाते कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है, बिहार के लोग …

घोषणा के बाद तेजस्वी यादव ने कहा—

“मुझ पर फिर से भरोसा जताने के लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूँ। जनता से वादा है कि इस 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और बिहार को विकास की नई दिशा देंगे।”

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के कुल 7 दलों के 14 शीर्ष नेता मौजूद थे, जिनमें आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी, लेफ्ट पार्टियां और कुछ क्षेत्रीय दल शामिल रहे। सभी नेताओं ने एकजुटता और साझा संघर्ष पर जोर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस लगभग 50 मिनट तक चली और इसका उद्देश्य गठबंधन की मजबूती का संदेश जनता तक पहुँचाना था।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस घोषणा से बिहार में चुनावी माहौल और गरमाने वाला है। अब सभी की निगाहें एनडीए पर टिकी हैं कि वह अपना सीएम उम्मीदवार कौन तय करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network