बिहार के बक्सर में आरजेडी नेता अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में तनाव का माहौल
आर. डी. न्यूज नेटवर्क | बक्सर, बिहार : बिहार के बक्सर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लेबर सेल के जिला अध्यक्ष अर्जुन यादव की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बक्सर के चौसा थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव अपनी थार एसयूवी से जा रहे थे। प्लांट के गेट से थोड़ी दूरी पर उन्होंने एक दुकान पर लस्सी खरीदने के लिए वाहन रोका। तभी तीन अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बेचनपुरवा गांव की ओर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल यादव को तत्काल वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौके से तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अर्जुन यादव की थार एसयूवी को जब्त कर लिया है और घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
घटना के बाद चौसा गोला सहित थर्मल पावर प्लांट के आसपास की सभी दुकानें बंद हो गईं। अर्जुन यादव के आवास पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी की जानकारी नहीं है। बक्सर के एसपी शुभम आर्य, डीएसपी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव न केवल राजद के सक्रिय और समर्पित नेता थे, बल्कि निर्माणाधीन 1320 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना में पानी की पाइपलाइन के कार्य से भी जुड़े थे। क्षेत्र में वे श्रमिक कल्याण और सामाजिक कार्यों के लिए पहचाने जाते थे।
इस घटना को लेकर राज्य की सियासत में भी उबाल देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा:
“राजद के बक्सर जिला के मजदूर प्रकोष्ठ के समर्पित एवं कर्मठ अध्यक्ष अर्जुन यादव की सत्ता संरक्षित अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। बक्सर में दो दिन में गोली मारकर सात व्यक्तियों की हत्या की गई है, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में है। प्रदेश की ध्वस्त विधि व्यवस्था को लेकर एनडीए सरकार कतई गंभीर नहीं है। अपराधी दिनदहाड़े जहां मर्जी गोली चला दे रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री, दो-दो उपमुख्यमंत्री सहित जंबो मंत्रिमंडल क्या कर रहा है?”
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
