रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : सासाराम। सदर अस्पताल में बंध्याकरण के पश्चात शुक्रवार की रात एक महिला की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। महिला की मौत की सूचना पर सदर अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है तथा घटना को लेकर परिजनों में काफी रोष है। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉक्टर सुधीर कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को सदर अस्पताल में कुल 32 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया था जिसमें से एक महिला की रात्रि में मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के पश्चात हीं डॉक्टरों की लापरवाही एवं मौत के अन्य कारणों का सही अंदाजा लगाया जा सकता है। महिला सदर प्रखंड के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मलांव गांव निवासी सोनू बिंद की पत्नी सुगिया देवी बतायी जा रही है। वही परिजनों ने बंध्याकरण जैसे सामान्य ऑपरेशन के पश्चात महिला की मौत पर डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाया है।
