रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 14 नवम्बर 2021 : पटना : भारतीय सेना के एक जवान को पटना में गिरफ्तार किया गया है। उसे राजधानी के खगौल थाना से पकड़ा गया है। गिरफ्तार सेना के जवान पर आरोप है कि वो एक पाकिस्तानी महिला के संपर्क में था। उससे लगातार देश की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर कर रहा था। इस मामले में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और मिलेट्री इंटेलिजेंस को इनपुट मिली थी। इस पर बिहार ATS की टीम ने काम किया। कुछ और ठोस सबूत जुटाए। इसके बाद उस जवान को आज खगौल थाना के साथ मिलकर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार जवान नालंदा जिले के अस्थावां गांव निवासी गणेश कुमार है। सेना में वह मेडिकल कोर का जवान है। वर्तमान में इसकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुणे में थी। गणेश कुमार मूल रूप से नालंदा जिला में अस्थावां का रहने वाला है। वह सेना के मेडिकल कोर टीम का हिस्सा था और फिलहाल महाराष्ट्र के पुणे में पदस्थापित था। आइबी की रिपोर्ट के बाद छठ के दो दिन पहले से ही बिहार एटीएस की टीम उसके पीछे लगी थी। 

सूत्रों के अनुसार, सेना के जवान ने पूछताछ में पाकिस्तानी महिला से संबंध की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि महिला ने नाम बदलकर करीब दो साल पहले उससे फेसबुक पर दोस्ती की थी। उस समय जवान राजस्थान के जोधपुर में पदस्थापित था। महिला ने खुद को नेवी की मेडिकल टीम का स्टाफ बताया था। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती बढ़ती गई। महिला जासूस ने सेना के अस्पताल और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली थी। दोनों की फोन पर भी बातचीत होती थी। एटीएस की टीम गणेश के मोबाइल फोन का डाटा भी खंगाल रही है। फेसबुक पर जवान की प्रोफाइल गणेश कुमार मुकेश के नाम से है। जवान के फेसबुक प्रोफाइल से चैटिंग की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network