रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : करगहर रोहतास। प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में सोमवार को पंचायत चुनाव से पूर्व पंचायत समिति की अंतिम बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख गुड़िया देवी ने की। बीडिओ सह कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद असलम ने गत बैठक की संपुष्टि के बाद सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मुखिया सरोज कुमार सिंह ने राशन, इंदिरा आवास योजना में पंचायत प्रतिनिधियों की सहभागिता न होने की शिकायत करते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की। उप प्रमुख तेज प्रताप सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र भवन न बनाने का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा राशि निकासी के बावजूद भी अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। पंचायत सचिवों को एक सप्ताह का समय देते हुए उप प्रमुख ने कहा कि अगर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो जिलाधिकारी से लिखित वे शिकायत करेंगे। लगभग दो घंटे चली बैठक में शिक्षा सहित कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि अकोढी पंचायत की मुखिया सुनीता देवी 5 वर्षों में मात्र एक बार बैठक में उपस्थित हुई हैं। लेकिन उनके ऊपर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामकिशोर यादव, बीसीओ संतोष कुमार, प्रखंड समन्वयक प्रियंका कुमारी, पशुपालन पदाधिकारी पवन कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष गुप्तेश्वर सिंह, मुखिया राजू सिंह निरंजन चौरसिया, सरोज कुमार सिंह, हृषिकेश सिंह उर्फ लाला जी, जगनारायण पासवान, हीरा साह, अरविंद कुमार सिंह, बीडीसी सुनील चौबे, रामरति देवी सहित कई सदस्य मौजूद थे।


