रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 17 जून 2021 : सासाराम। केरोसिन वितरण में मनमानी, लापरवाही बरतने एवं केरोसिन तेल के कालाबाजारी करने के गंभीर मामले को देखते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जिले के तीन केरोसिन डीलरों से स्पष्टीकरण मांगा है। ज्ञात हो कि न्यू डिलिंया डेहरी स्थित मेसर्स मायर आयर डिस्ट्रीब्यूटर, मैसर्स जोखु साव एंड संस एवं समहुता रोहतास स्थित प्रज्ञा केरोसिन तेल एजेंसी का संबंधित प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने एवं कालाबाजारी के गंभीर आरोप को देखते हुए सभी डीलरों के प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन किया। जहां डीलरों के पास तेल भंडारण क्षमता से कम पाया गया तथा प्रबंधकों ने जांच अधिकारी के साथ सहयोग नहीं किया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जांच क्रम में उक्त सभी आरोप सही पाए जाने के आलोक में सभी डीलरों के विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई करने के लिए अनुशंसा की गई है। जिसको देखते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी डीलरों से पत्र प्राप्ति से 5 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने कहा की स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर डीलर की अनुज्ञप्ति को रद्द कर दिया जाएगा।
