रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 20 नवम्बर 2021 : नोखा। पुलिस प्रशासन के तमाम दावों के बावूजद हर्ष फायरिंग का दौर बिहार में थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला  रोहतास जिला के नोखा का है। जहां इसी तरह की फायरिंग में एक कैमरामैन को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना कदवा गांव की है जहां संझौली से कदवा गए एक तिलक कार्यक्र में वह वीडियोग्राफी कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। उसी हर्ष फायरिंग में रवि कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। पहले तो लोग घायल युवक को लेकर निजी अस्पताल गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक कैमरामैन रवि कुमार मसौना गांव का निवासी था। बताया जाता है कि कदवा गांव में एक तिलक कार्यक्रम था। संझौली से आए लोगों का स्वागत हो रहा था और इसी कार्यक्रम में रवि वीडियोग्राफी कर रहा था। इसी दौरान किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी क्रम में निशाना चूकने की वजह से रवि को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। मृतक मसौना गांव के गुलाब सिंह का पुत्र बताया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि रवि पहले दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता था। एक साल पूर्व वह गांव लौटकर वीडियोग्राफी शुरू कर दिया था। लेकिन हर्ष फायरिंग में शुक्रवार को उसकी जान चली गई। डीएसपी विनोद कुमार रावत ने फोन पर बताया कि घटना देर रात की है। इस मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि एक तिलक समारोह में वीडियोग्राफी के लिए रवि कुमार गया हुआ था। उसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक का शव शनिवार की सुबह उसके गांव पर ले गया जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network