मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का ऐलान-रांची एवं देवघर के बाद झारखंड को मिले दुमका,जमशेदपुर और बोकारो में एयरपोर्ट

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 12 जुलाई 2022 : देवघर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में आज देवघर एयरपोर्ट का उदघाटन करने के बाद रोड शो करते हुए  बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा में किसी दल के नाम का उल्लेख किया बगैर  कहा कि शार्ट कट अपनाने वालों का शार्ट सर्किट हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह  से राज्य के लिए 16800 करोड़ की योजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने  बाबा बैद्यनाथ के दर्शन-पूजन पूरे विधि विधान के साथ किए।

यह भी उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही एयरपोर्ट और एम्स की आधारशिला रखी थी। देवघर कालेज मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने इसका जिक्र भी किया और लगे हाथों विपक्ष की जमकर खिंचाई की। बोले – पहले योजनाओं की घोषणा होती थी, पत्थर लगता था। दो चार सरकार तक पत्थर लटकता रहता था। उसके बाद ईंट लगती थी। कितनी सरकार जाने के बाद योजना धरातल पर दिखती थी। आज हम उस राजनीतिक संस्कृति को लाए हैं कि जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उदघाटन भी करते हैं। हम जनता के हक की पाई-पाई को समझते हैं। जनता के पैसे का मूल्य भी समझते हैं।

मोदी ने लोक लुभावन वादा करने वाले दलों की घेराबंदी करते हुए कहा – देश के सामने एक चुनौती आ खड़ी हुई है, जिसे समझना होगा। यह चुनौती शार्ट कट की राजनीति है। बहुत आसान होता है लोक लुभावना वादा कर वोट बटोरना। शार्ट कर्ट अपनाने वाले को न मेहनत करनी पड़ती है न उन्हें दूरगामी परिणाम की चिंता रहती है। जिस देश की राजनीति शार्ट कट होती है, उसका शार्ट सर्किट हो ही जाता है।

पीएम मोदी ने कहा कि शार्ट कट की राजनीति देश को तबाह कर देती है। पहले जो दल सत्ता में रहे, उन्होंने शार्ट कट अपनाया। भारत के साथ आजाद हुए देश आगे निकल गए। हमें अपने देश को पुरानी गलती से बचाना है। ये नए एयरपोर्ट, हाइवे और एम्स नहीं बनवाएंगे। ये मेडिकल कालेज नहीं बनवाएंगे। आज हजारों करोड की नई सड़क बनी है। किसी के लिए यह घोषणा करना आसान है कि कोई भाड़ा नहीं होगा। यह लोक लुभावन लगता है, लेकिन यह लोगों को कंगाल कर देता है। अगर पैसा नहीं आएगा तो नया हाइवे कहां से बनेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संताल परगना की राजनीतिक नब्ज भी पकड़ी। आदिवासियों की बदहाली का उदाहरण दिया। कहा, पहले सिर्फ आदिवासी का नाम लेते थे। आज हम उनको आगे ला रहे हैं। लोगों से सवाल पूछा और यह भी कहा कि जवाब देने की जरूरत नहीं है। सिर्फ अपने मन में सोचिए कि देश में आज जो काम हो रहे हैं क्या वह पहले नहीं होने चाहिए थे। देश यही है, दफ्तर वही है, अफसर भी वही हैं। इसका एक बड़ा कारण है कि जो सरकारें होती थी उनके दिल में सेवा भाव नहीं, सत्ता भाव भर जाता था। इसी सत्ता भाव के कारण लंबे समय तक जो सरकारों में रहें, उनकी प्राथमिकता सिर्फ सत्ता रही। उनका ख्याल, मंत्र और प्राथमिताओं में सेवा नहीं रहा।

पीएम मोदी ने कहा कि देश आजादी का 75वां साल मना रहा, लेकिन व्यवस्था ऐसी बन गई कि जिनके पास पहुंच और सिफारिश थी, सारी सुविधाएं उन्हें ही समर्पित थी। गरीब, दलित, आदिवासी तक देर से सुविधा पहुंचती थी। झारखंड और संताल परगना के क्षेत्र को सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। भाजपा और एनडीए की सरकार जी-जान से काम कर रही है। हम गांवों तक सड़कें बना रहे हैं, गरीबों के लिए घर बना रहे हैं। झारखंड के 12 लाख गरीब आदिवासी परिवारों को हमने पक्का मकान उपलब्ध कराया। आयुष्मान योजना से गरीबों को 1400 करोड़ रुपये का इलाज कराया गया। पहले लोग गरीबी के कारण इलाज नहीं कराते थे। माताएं बताती नहीं थीं, दर्द झेलती थी। उन्होंने कहा – मां तेरे बेटे पर कर्ज न पड़े, तेरा दूसरा बेटा बैठा है।

हमने की जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत

प्रधानमंत्री ने कहा कि देवघर में एयरपोर्ट की सुविधा होने से पर्यटन की गतिविधियां बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को लाभ होगा। जनजातीय समुदाय की भावना को समझते हुए कहा कि हमने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। धरती आबा के बेहतरीन और आधुनिक संग्रहालय के निर्माण का सौभाग्य हमें ही मिला है। हमने जो परियोजनाएं शुरू की है, वह झारखंड के विकास को गति देगी। हमारे लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास सिर्फ नारा नहीं है। देवघर के लोगों ने जितना उत्साह दिखाया है उसका मतलब यही है कि यहां लोगों को विकास चाहिए।

https://youtu.be/P_MU5gk5YkA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network