सासाराम। जिले के सभी 247 पैक्स एवं दस व्यापार मंडल में शनिवार से धान की खरीद शुरू कर दी गई है। इस बाबत जानकारी देते हुए प्रभारी डीएम लालबाबू सिंह ने बताया कि जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा सभी पंचायतों में कैंप लगाकर किसानों के धान की खरीदारी कराई जा रही है। ज्ञात हो कि धान अधिप्राप्ति के लिए 210 पैक्स एवं दस व्यापार मंडल का चयन किया गया है। वहीं 37 डिफॉल्टर पैक्सों को उनके निकटतम पैक्स से जोड़ा गया है। जिनके द्वारा धान अधिप्राप्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के पंजीकरण में तेजी लाने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर की मदद ली जा रही है एवं कार्यालय के ऑपरेटर को भी सक्रिय रखा गया है। धान अधिप्राप्ति के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति कर पैक्स एवं व्यापार मंडल का भौतिक सत्यापन संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। साथ हीं सभी एसडीओ अपने-अपने क्षेत्र के पैक्स गोदाम एवं सीएमआर गोदाम की जांच में जूटे हैं। डीएम के निर्देशानुसार धान देने वाले किसानों को 48 घंटों के अंदर राशि भुगतान किया जाएगा अन्यथा लेटलतीफी होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। धान की अधिप्राप्ति 1868 रुपये प्रति क्विंटल कि दर से की जा रही है।
