रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 30 मई 2021 : नोखा। भाजपा नगर अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद मनोज कुमार गुप्ता की ओर से मास्क वितरण किया गया। आज 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वितीय कार्यकाल के शपथग्रहण की वर्षगांठ के मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से संपूर्ण राष्ट्र में सेवा ही संगठन के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा की मुहिम को गति दी गई। उसी क्रम में वर्तमान परिस्थिति के अनुरूप मास्क की अनिवार्यता को देखते हुए मास्क वितरण भी किया गया।
भाजयुमो नगर अध्यक्ष अनुराग सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने प्रारंभिक दिनों से ही संपूर्ण राष्ट्र में विभिन्न माध्यमों के जरिए सेवा के कार्य को निरंतर जारी रखते आई है। भाजपा नगर अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद मनोज कुमार गुप्ता ने कहा की लॉक डाउन की अवधि में आम जनमानस तक राशन,दवाइयां,मास्क,सेनिटाइजर जैसी मूलभूत आवश्यकता की चीजों की उपलब्धता हो अथवा महामारी से निपटने में आ रही चुनौतियों का सामना करना हो, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नित्य प्रति अपने परिश्रम को दिनानुदिन बढ़ाते जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की तत्परता कोरोना संक्रमित के साथ भी हैं। इससे उन्हें चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी मिल रही हैं।
इस मौके पर भाजयुमो नगर अध्यक्ष अनुराग सिंह,नगर महामंत्री मुकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष राजकिशोर, श्री भगवान प्रसाद, कृष्ण भार्गव, उमाशंकर शौण्डिक, एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
