आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 28 जनवरी 2022 : नोखा। नगर प्रशासन मास्क जांच को लेकर सख्त हो गया है। शुक्रवार को कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार व नप के कनीय अभियंता अंकुर गगन,टैक्स दारोगा सत्यनारायण प्रसाद के नेतृत्व में आरा सासाराम स्टेट हाइवे स्थित नासरीगंज मोड पर विशेष मास्क जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में बिना मास्क लगाए 55 लोगों से 50-50 रुपये दर से कुल 2750 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान दो पहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा, टेंपो सहित अन्य सवारी गाड़ियों में भी जांच किया। कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि ओमिक्रोन को देखते हुए सघन जांच अभियान की शुरुआत की गई है। यह आगे भी जारी रहेगा। लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने व हमेशा मास्क के उपयोग करने की हिदायत दी गई है। नप के कनीय अभियंता अंकुर गगन ने लोगों से अपील किया कि घर से निकलते समय हर हाल में मास्क, रुमाल व गमछा का प्रयोग करें। इस दौरान दुकानदारों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने व हमेशा मास्क के उपयोग करने की हिदायत दी है। मास्क जांच अभियान के दौरान जुर्माना वसूलने में नप कर्मी टैक्स दारोगा सत्यनारायण प्रसाद, सचिदानन्द सिंह, राजू कुमार, ऋतु राज,दिपक कुमार, धनजी राम,सहित पुलिस बल मौजूद थे।
