मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल के सभी मॉड्यूल्स के बारे में दी गई जानकारी
रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 12 अगस्त 2021 : सासाराम। जिला समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभाकक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के निर्देश पर कर्मचारियों के पारदर्शी एवं प्रभावी कार्मिक प्रबंधन को विकसित करने के उद्देश्य से मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल के क्रिया कलापों के संदर्भ में प्रशिक्षण हेतु एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप में मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर पे-रोल जेनरेशन का प्रशिक्षण सभी संबंधितों को देते हुए आईटी प्रबंधक मयंक आनंद ने इस क्रम में आने वाली समस्याओं एवं उनके निराकरण पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि डीएम के निर्देश पर अप्रैल, मई एवं जून महीने की डमी सैलरी सही रूप से सभी विभागों को बना कर आश्वस्त होना है। जिसके पश्चात हीं मुख्यालय स्तर से फिर लाइव सैलरी बनाने हेतू मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जिलाधिकारी ने सभी विभागीय प्रधानों को इस कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। बताते चलें कि मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली केंद्र सरकार के आधुनिकीकरण पहल के तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों के पारदर्शी एवं प्रभावी कार्मिक प्रबंधन के लिए विकसित की गई एक सॉफ्टवेयर है। जिसे बेहतर पारदर्शिता प्रदान करने एवं सभी प्रकार के कर्मचारियों के लेनदेन को रिकॉर्ड करने के लिए उपयोग किया जाता है। इस सॉफ्टवेयर में बहुत सारे फीचर्स उपलब्ध हैं। जिसका उपयोग सभी उपलब्ध सेवाओं जैसे छुट्टी आवेदन, ऋण आवेदन आदि के लिए कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्थापना उप समाहर्ता, जिले के आईटी प्रबंधक, सभी विभागों के प्रधान, प्रधान सहायक, नाज़ीर सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
