कम सिंचाई में वैकल्पिक खेती कराने का दिया निर्देश, मतदाता सत्यापन कार्य का लिया जायजा।

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 19 अगस्त 2023 : जमुई/सिकंदरा। जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने शनिवार को प्रखंड कार्यालय पहुंच कर सिकंदरा प्रखंड में धान के आच्छादन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के पदाधिकारियों,कर्मियों व सभी पंचायत के मुखिया के साथ बैठक कर पंचायतवार धान के आच्छादन की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी अविनाश चंद्र से कम वर्षापात या सुखाड़ की स्थिति में धान की जगह उपजाई जाने वाली फसलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

https://youtu.be/wbm9rlA22ms

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कम वर्षापात के कारण धान की खेती प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रखंड के कई पंचायतों में आच्छादन कम होने के कारण धान की खेती पर असर पड़ा है। जिसे देखते हुए कृषि विभाग द्वारा वैकल्पिक खेती कराने का प्रयास शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान के स्थान पर वैकल्पिक खेती के तौर पर कम सिंचाई में बेहतर पैदावार देने वाले फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कम वर्षा से उत्पन्न स्थिति को लेकर अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ खेतों का किया निरीक्षण भी किया।वहीं क्लस्टर नलकूप लगाने, नलकूपों की संख्या बढ़ाने समेत किसानों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराने का कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया।कहा कि फिलहाल कृषि विभाग द्वारा किसानों के बीच मक्का के बीज का वितरण किया जा रहा है। जल्द ही धान के विकल्प के तौर पर अन्य फसलों के बीज कृषि विभाग द्वारा किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुखिया के साथ सिकंदरा प्रखंड में व्याप्त पेयजल की समस्या पर भी चर्चा की। उन्होंने पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए समस्या से प्रभावित क्षेत्रों में चापाकल गाड़े जाने की बात कही। इस दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ के साथ बैठक कर मतदाता सत्यापन कार्य का भी जायजा लिया।

ज्ञात हो कि बीएलओ द्वारा डोर टू डोर विजिट कर एप के माध्यम से मतदाताओं के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। जिसको लेकर जिलाधिकारी ने बीएलओ को कई आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी विजय उपाध्याय, राजस्व अधिकारी सन्नी कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राजीव रोशन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह, मुखिया शंभू सिंह, विनोद यादव, अंजनी कुमार मिश्रा, सूचित महतो, कैलू मांझी, मुखिया प्रतिनिधि नरेंद्र कुमार यादव उर्फ चुन्नी यादव, भूषण यादव, राजेश कुमार दास, कृषि समन्वयक अविनाश कुमार, अमरेंद्र कुमार समेत कई अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network