रोहतास दर्शन न्यूज़ नेटवर्क : 14 सितम्बर 2021 : सासाराम : आकाशवाणी सासाराम में हिंदी पखवाड़े का आयोजन हुआ। यह पखवाड़ा 1 सितंबर से 15 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान 14 सितंबर को हिंदी दिवस को समारोह पूर्वक मनाया गया। हिंदी पखवाड़े का उद्घाटन 1 सितंबर को केंद्राध्यक्ष सिया शरण चौधरी द्वारा किया गया था। 7 सितंबर को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही बैठक आहूत थी। हिंदी पखवाड़े के अवसर पर हिंदी के विकास के लिए संकल्प लिया गया तथा हिंदी में काम-काज हेतु अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें शब्दानुवाद, टिप्पण एवं प्रारूपण तथा निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में में केंद्र के कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हिंदी दिवस के अवसर पर केंद्राध्यक्ष के कक्ष में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर केंद्र के हिंदी अधिकारी अमित कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया की हिंदी में कैसे कार्य करें। क्या दिक्कतें होती हैं और उनका समाधान कैसे संभव है। इस अवसर पर सोहराई पासवान, अनुज प्रताप सिंह, मुनील कुमार, विनय कुमार और डॉक्टर श्याम सुंदर तिवारी ने हिंदी के संबंध में अपने विचार रखे। अपने अध्यक्षीय संबोधन में केंद्र प्रमुख सिया शरण चौधरी ने कहा की हिंदी बहुत ही सरल भाषा है। हम लोगों को हिंदी में ही कार्य करने चाहिए। इसमें कोई भी दिक्कत नहीं है। यदि शुरुआत कर दी जाए तो यह और भी सरल लगने लगेगी। इसी के साथ आज राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही बैठक भी संपन्न हुई। हिंदी पखवाड़ा का समापन समारोह 15 सितंबर को होगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त पुरस्कार का वितरण किया जाएगा।
