कृषि बिल के समर्थन में भाजपा का किसान महासम्मेलन आयोजित|
सासाराम। देश में चल रहे किसान आंदोलन के बीच बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को शहर के बाल विकास मैदान में आयोजित किसान महासम्मेलन में किसानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नई कृषि कानूनों के माध्यम से देश के अन्नदाताओं की आय 2022 तक दोगुनी करना ही सरकार का लक्ष्य है। आज हर किसान को क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जा रही है तथा किसानों को आर्थिक मदद सीधे उनके खाते में मिल रही है। उन्होंने कहा कि देश में कोल्ड स्टोरेज की चेन बनाई जा रही है तथा भंडारण के नए केंद्र खोले जा रहे हैं। किसानों को अब कम ब्याज पर कर्ज मिल रहा है तथा लाभ के लिए बाजार की जरूरत भी सरकार पूरी कर रही है। लेकिन राजनीतिक फायदे के लिए विपक्ष लगातार देश के किसानों को गुमराह करने में जुटा है। किसान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद छेदी पासवान ने कहा कि नए कानून ने हमारे किसानों को मंडी या फिर बाहर अपनी उपज को बेचने की आजादी दे दी है। जहां किसान को लाभ मिलेगा, वहां वो अपनी मर्जी से उपज बेचेगा।
इस दौरान किसान महासम्मेलन को पूर्व विधायक राजेश्वर राज, एमएलसी संतोष सिंह, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण यादव ने भी संबोधित किया तथा किसानों को विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम में न आने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान मंगलानंद पाठक, विजय सिंह, विवेक सिंह, शशि भूषण प्रसाद, शरतचंद्र संतोष, मंटू यादव सहित कई भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील कुमार ने मंच सञ्चालन किया।
