सासाराम : बिहार विधान सभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी शुक्रवार को समाप्त हो गई। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र के चुनाव के लिए हुए हुए 130 नामांकन में से स्क्रूटनी के दौरान 14 प्रत्याशियों की छटनी हो गई। प्रत्याशियों के कागजातों में कमी पाए जाने पर निर्वाचन कार्यालय ने इनका नामांकन पत्र रद्द कर दिया|
सबसे अधिक सासाराम विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए 26 प्रत्याशियों में से छह का नामांकन पत्र रद्द हो गया। निर्वाचन सूत्रों के अनुसार सासाराम विधानसभा क्षेत्र में छह, डेहरी में एक, चेनारी में चार, नोखा में दो, करगहर में एक प्रत्याशी के नामांकन पत्र को रद्द किया गया है। अब कुल 130 प्रत्याशी बचे हैं, जिनके नाम वापसी के लिए आगामी 12 अक्टूबर की तिथि निर्धारित है। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित होगा और चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा. आगामी 28 अक्टूबर को मतदान होना है। नामांकन पत्र के छटनी की सूची में सासाराम विधानसभा क्षेत्र से रालोसपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किये नगर पर्षद के पूर्व उप चेयरमैन चंद्रशेखर सिंह, जन अधिकार पार्टी के अनिल कुमार यादव, मौलिक अधिकार पार्टी के विनोद शर्मा, निर्दलीय रामाशीष तिवारी, गौरी शंकर व अंजली देवी, डेहरी विधानसभा क्षेत्र से लोक जन पार्टी सेकुलर के प्रत्याशी अखिलेश्वर शर्मा, चेनारी (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विनोद पासवान, जीतेन्द्र राम, रौशन कुमार पासवान व मंजू लता, नोखा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनवादी पार्टी सोशलिष्ट के अरविन्द कुमार सिंह व निर्दलीय मनोज चौधरी तथा करगहर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार मो. मुस्लिम मियां का नामांकन रद्द किया गया है।