
आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 27 फरवरी 2023 : माँझी। माँझी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के सामने सरयू नदी में बह रहे गेंद को पकड़ने गए किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना सोमवार के सुबह की है। मृतक दुर्गापुर निवासी व पैक्स अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह का भतीजा तथा धर्मेन्द्र कुमार सिंह का पुत्र बताया जाता है। डूबने से हुई मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया तथा घाट पर आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग जमा हो गए। मृतक की माता पुष्पा देवी तथा घर की अन्य महिलाओं व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक गत दिनों सम्पन्न मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होकर घर लौटा था।


मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह मृतक अपने लगभग आधा दर्जन दोस्तों के साथ नदी किनारे गेंद खेल रहा था। इसी बीच गेंद अचानक उछल कर नदी की तेज धारा में बहने लगा। नदी की धारा में बह रहे गेंद को पकड़ने के लिए मृतक ने नदी में छलांग लगा दी तथा गेंद पकड़ने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। डूब रहे किशोर के दोस्त भय वश उसे छोड़कर फरार हो गए। हालाँकि घाट के समीप खेत में मौजूद एक ब्यक्ति ने पहले उसे बचाने का प्रयास किया तथा असफल होने पर गांव में भागकर घटना की सूचना दी। सूचना पाकर दौड़े ग्रामीणों ने नदी में उतरकर गहरे पानी से उसे बाहर निकाल लिया तथा तत्काल माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाया। बाद में चिकित्सकों ने उसे छपरा रेफर कर दिया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा तथा मिलनसार व होनहार था।
