इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन की राष्ट्रीय कार्यकारणी की आज दो दिवसीय बैठक का आयोजन

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 26 अगस्त 2023 : पटना। इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन की राष्ट्रीय कार्यकारणी की आज दो दिवसीय बैठक का आयोजन बिहार विधान परिषद के उप भवन के सभागार में किया गया। बैठक के विशिष्ट अतिथि माननीय सभापति, बिहार विधान परिषद, श्री देवेश चंद्र ठाकुर और मुख्य अतिथि नेता कांग्रेस विधायक दल, डॉ. शकील अहमद खान थे। इसका उद्घाटन बिहार राज्य के श्रम मंत्री, श्री सुरेंद्र राम ने किया।

बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के तत्वाधान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता आईजेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी ने की। इस मौके पर विधान परिषद के सभापति देवेश चद्र ठाकुर ने कहा कि देश में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ जो कि मीडिया है, के सामने अनेक चुनौतियां हैं। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से यहां आए पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और देश की आजादी को कोई भी सरकार कुछ समय के लिए दबा सकती है, लेकिन इसे खत्म नहीं किया जा सकता है।

डॉ शकील अहमद खान ने कहा कि इन दिनों पत्रकारिता पर बाजारवाद हावी है फिर भी अनुभवी पत्रकार किसी न किसी रूप में सही समाचार को प्रकाशित कर ही देते हैं। उन्होंने कहा कि इस युग में सही समाचार को छुपाया नहीं जा सकता है।
श्रम मंत्री सुरेंद्र राम ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश की आजादी में पत्रकारों की भूमिका का जिक्र किया।
