आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 17 अक्टूबर 2023 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को बिहार के तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आ रही हैं। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विशेष आमंत्रण पर राष्ट्रपति बिहार दौरे पर आ रही हैं। वे यहां चतुर्थ कृषि रोडमैप का लोकार्पण करेंगी और मोतिहारी और गया केन्द्रीय विश्वविद्यालय के साथ-साथ पटना एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार यानी 18 अक्टूबर को विशेष विमान से पूर्वाह्न 11 बजकर 25 मिनट पर पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वे दोपहर 12 बजे बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और बिहार के चौथे कृषि रोडमैप का विधिवत शुभारंभ करेंगी।

पटना साहिब में टेकेंगी मत्था

इसके बाद बुधवार की शाम साढ़े 4 बजे वे पटना साहिब स्थित तख्त श्रीहरमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजभवन में 18 अक्टूबर को रात्रि भोज का आयोजन किया गया है। गवर्नर की तरफ से आयोजित डिनर पार्टी में कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। भोज में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी।

गुरुवार को जाएंगी मोतिहारी

इसके बाद अगले दिन 19 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह सवा 9 बजे हेलीकॉप्टर से मोतिहारी जाएंगी, जहां सुबह पौने 11 बजे से पौने 12 बजे तक महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वे पटना लौट आएंगी और फिर शाम साढ़े 5 बजे पटना AIIMS के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।

एम्स के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

एम्स में आयोजित दीक्षांत समारोह के बाद वे गवर्नर हाउस पहुंचेंगी और रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को वे गया जाएंगी, जहां दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गया से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

फिलहाल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिहार दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता कर दी गई है। विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट, परेड स्थल, राजकीय अतिथिशाला और सर्किट हाउस पर मेडिकल टीम के साथ एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! Copyright Reserved © RD News Network