मगनी लाल मंडल बने उपाध्यक्ष और भाजपा छोड़कर आये पूर्व विधायक राजीव रंजन बने महासचिव एवं प्रवक्ता

आर० डी० न्यूज़ नेटवर्क : 21 मार्च 2023 : नई दिल्ली : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने आज राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है। 32 सदस्यीय नई कमिटी में पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने पदाधिकारी बनने से मना कर दिया है। राष्ट्रीय कमेटी में जगह नहीं मिलने पर केसी त्यागी ने कहा कि हम तो मना कर चुके थे। काफी पहले ही हमने नीतीश कुमार को बता दिया था कि अब वे कमेटी में नहीं रहेंगे। आरसीपी सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने के समय में ही हमने अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी।

जदयू की नई राष्ट्रीय कमिटी में मंगनी लाल मंडल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई कमिटी में 22 नेताओं को महासचिव बनाया गया है। विवादित बयानों के लिए विवादों में रहने वाले बलियावी को पार्टी ने एक बार फिर राष्ट्रीय महासचिव का पद दिया है। हाल ही में भाजपा छोड़ जदयू में घर वापसी करने वाले पूर्व विधायक राजीव रंजन को महासचिव के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, यूपी के पूर्व बाहुबली सांसद धनंजय सिंह को भी महासचिव बनाया गया है। कमर आलम, हरीश चंद्र पाटिल, अशफाक अहमद, संजय झा, कहकांशा परवीन, दसई चौधरी, चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन और राज सिंह मान को महासचिव की जिम्मेदारी दी गयी है।

जदयू ने सात नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया है। सचिव की लिस्ट में रविंद्र प्रसाद सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, संजय वर्मा, अनूप पटेल, दयानंद राय, संजय कुमार शामिल हैं। वहीं, सांसद आलोक कुमार सुमन को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
